सरिस्का के जंगल में लगी आग पर बुधवार तक काबू नहीं पाया जा सका है। वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर सुबह सात बजे से आग बुझाने में जुटे हैं। सरिस्का टाइगर रिजर्व में लगी आग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम गहलोत से बातचीत की है।
राजस्थान के सरिस्का टाइगर रिजर्व के जंगलों में लगी भीषण आग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात की। पीएम ने हालात पर चिंता जताई और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। बता दें, अलवर जिले के सरिस्का टाइगर रिजर्व के जंगलों में रविवार शाम से लगी आग पर काबू पाने के लिए वायु सेना की मदद ली जा रही है। वायु सेना की दो एमआई 17 हेलिकॉप्टर आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
राजस्थान की प्रमुख सचिव, वन श्रेया गुहा ने बताया कि आग चौथे दिन अब एक पहाड़ी तक सिमट गई है। आग बुझाने के इस अभियान में वायु सेना के दो हेलिकॉप्टर के अलावा 400 लोग लगे हुए हैं। एक समय यह आग 10 किलोमीटर के क्षेत्र तक फैल चुकी थी। उन्होंने कहा कि एक बार आग बुझ जाए, उसके बाद कितनी वन भूमि जली उसका हिसाब लगाया जाएगा। लेकिन फिलहाल आग बुझाना प्राथमिकता है।
यह बताया गया है कि चार वयस्क बाघ और पांच शावक वहां घूम रहे हैं, जहां आग लगी है। लेकिन अधिकारियों का दावा है कि कोई बाघ इसमें नहीं फंसा है। आंकड़ों के मुताबिक सरिस्का 27 बाघों का आशियाना है। कमांडेंट पंकज चौधरी ने कहा, दो एसडीआरएफ की टीम जिनमें 25 कर्मी हैं, वन कर्मियों की आग बुझाने में मदद की।
जंगल में लगी आग को बुझाने में गांव वाले भी मदद कर रहे हैं। सरिस्का एक पहाड़ी इलाका होने के कारण यहां तापमान 50 डिग्री तक पहुंच रहा है। आग ने जहां विकराल रूप धारण कर लिया है। वहीं ग्रामीणों की फसलों को भी बढ़ते तापमान से नुकसान हो रहा है।