सात साल की नैना की मौत के रहस्य का खुलासा गुरूवार को हो सकता है। नैना सात दिन से लापता थी, बुधवार शाम को उसका शव बरामद हुआ। पुलिस नैना की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण खुलासे कर सकती है।
हालांकि प्राथमिक जांच में पुलिस को परिवार के किसी नजदीकी व्यक्ति पर शक है। मालूम हो कि 28 नवंबर को नैना अपने नाना के घर के पास न्यू सांगानेर रोड पर स्थित देवी नगर से गुम हो गई थी। बहुत ढूंढने पर भी नैना नहीं मिली। तब सात दिन बाद मुहाना रोड पर बसे कालवाड़ा गांव में नैना का शव मिला। पुलिस ने शव की पहचान कपड़ों के आधार पर की है।
श्याम नगर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लिया और गुरूवार को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर ही केस के संबंध में कुछ बता सकेगी। पुलिस के अनुसार शव तीन से पांच दिन पुराना होने के कारण कुछ सड़ भी गया है। दूसरी तरफ नैना के घरवालों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि नैना को ढूंढने में श्याम नगर पुलिस की लापरवाही के चलते नैना की मौत हो गई।