पुलिस ने मटोल चक के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत के टीले में धंसी कार से 236 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ काले रंग की कार को जब्त कर लिया है और मौके से फरार अज्ञात तस्कर की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस निरीक्षक नरेश निर्वाण को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी। इस आधार पर उपनिरीक्षक किसनाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम को तुरंत मटोल चक के भेजा गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को रेत के टीले में बुरी तरह फंसी काले रंग की कार दिखाई दी। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो उसमें प्लास्टिक के कई कट्टे भरे हुए मिले। इन कट्टों की जांच करने पर उनके अंदर बड़ी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त पाया गया।
टीले से खींचकर निकाली गई कार
रेत में गहरे तक फंसी होने के कारण कार को बाहर निकालना पुलिस टीम के लिए काफी मशक्कत भरा काम था। जवानों ने काफी मेहनत के बाद कार को रेत से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस टीम डोडा पोस्त से लदी कार को जब्त करके फलोदी थाने ले आई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी भेजा गया था। पुलिस का मानना है कि तस्करी के दौरान कार अचानक रेत के टीले में फंस गई होगी। तस्कर ने वाहन को बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन कामयाबी न मिलने पर वह पुलिस से बचने के लिए कार छोड़कर भाग गया।
यह भी पढ़ें:
राजस्थान निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी, 5,393 वार्डों में पहले चरण का मतदान कल, पोलिंग पार्टियां रवाना
प्लास्टिक के कट्टे भरने के लिए हटाईं सीटें
तस्कर ने गाड़ी में अधिक मात्रा में मादक पदार्थ भरने के लिए चालक सीट के अलावा आगे की केवल एक सीट रखी थी, जबकि पीछे की सभी सीटें हटा दी थीं। इससे कार में बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त के कट्टे भरे जा सके थे। कार का पिछला शीशा भी टूटा हुआ मिला है और आगे के शीशे पर खरोंच के निशान मौजूद हैं। पुलिस ने मामले में अज्ञात तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौके पर और आसपास के इलाके में फरार आरोपी की तलाश कर रही है।