Rajasthan News: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आम आदमी पार्टी और बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी बीजेपी की “बी टीम” की तरह काम कर रही थी। उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग और “ऑपरेशन लोटस” के जरिए कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने की भी बात कही।
राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि यह पार्टी भ्रष्ट लोगों का समूह बन चुकी थी और अब धीरे-धीरे बिखर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पार्टी को खड़ा करने में भारतीय जनता पार्टी की भूमिका रही है।
विज्ञापन
भाजपा की बी-टीम है आप
सीकर स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए डोटासरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी की “बी टीम” की तरह काम करती रही। उनका दावा था कि दिल्ली में राजनीतिक परिस्थितियों के चलते बीजेपी ने इस पार्टी को समर्थन दिया।
बीजेपी पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
डोटासरा ने आरोप लगाया कि पार्टी से जुड़े कुछ नेताओं के खिलाफ पहले से प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग के मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर नेताओं पर दबाव बनाने और उन्हें प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।
‘ऑपरेशन लोटस’ का भी किया जिक्र
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने यह भी कहा कि कथित “ऑपरेशन लोटस” के तहत इन नेताओं का उपयोग कांग्रेस के खिलाफ किया जा रहा है, खासकर पंजाब जैसे राज्यों में। उनका दावा है कि पहले दिल्ली और गुजरात में भी इसी तरह की रणनीति अपनाई गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी की कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं रही और यह केवल राजनीतिक प्रयोग का हिस्सा थी। उनके अनुसार, पार्टी के कमजोर पड़ने से राजनीति में पारदर्शिता और स्वच्छता आने की उम्मीद है।