राजस्थान के पाली जिले में शनिवार सुबह सड़क हादसे में रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे 15 श्रद्धालु घायल हो गए। पाली-जोधपुर हाईवे-62 पर लालकी गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में घायल नौ श्रद्धालुओं की हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर स्थानांतरित कर दिया।
मध्यप्रदेश के शाहपुरा के रहने वाले हैं श्रद्धालु
रोहट थाना प्रभारी पाना चौधरी के अनुसार, मध्यप्रदेश के शाहपुरा क्षेत्र के निवासी पिकअप गाड़ी में सवार होकर जैसलमेर स्थित रामदेवरा मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे हाईवे-62 पर लालकी के समीप तेज रफ्तार पिकअप का एक्सेल अचानक टूट गया। एक्सेल टूटने से चालक गाड़ी पर संतुलन खो बैठा और पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और मार्ग पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज धमाका सुनकर राहगीर तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचित करने के साथ ही घायलों को वाहन से बाहर निकालने में सहयोग प्रदान किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची रोहट थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क किनारे हटवाया और हाईवे पर बाधित यातायात व्यवस्था को बहाल कराया।
यह भी पढ़ें:
निकाय चुनाव में ओवैसी-बेनीवाल की जुगलबंदी से सियासी हलचल, क्या कांग्रेस के वोट बैंक में लगेगी सेंध?
अस्पताल में घायलों का उपचार
दुर्घटना के बाद सभी 15 घायलों को एंबुलेंस से रोहट के सरकारी अस्पताल भेजा गया। रोहट अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज देने के बाद रामचंद्र (45), गोरधन (50), बाबूलाल (40), राकेश (30), मगूलाल (45), विक्रम (35), अंकित ( 20), मोहनलाल (61) और घीसी देवी (65) को गंभीर अवस्था में जोधपुर रेफर कर दिया। वहीं अमरसिंह (55), हेमंत (23), संदेश (21), सोहनसिंह (55), जगदीश (50) तथा शारदा (50) का इलाज रोहट के ही सरकारी अस्पताल में चल रहा है।