ब्राह्मण समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
- फोटो : अमर उजाला
सवाई माधोपुर जिले में अन्वेषण भवन के सामने त्रिकोणीय पार्क में भगवान बुद्ध की प्रतिमा लगाने के विरोध में ब्राह्मण समाज के लोग एकजुट हो गए हैं। इसे लेकर गौतम आश्रम में बैठक का आयोजन किया गया। इसके बाद पार्क से बुद्ध की प्रतिमा हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया।
ब्राह्मण समाज के लोगों ने ज्ञापन में बताया कि 5 मार्च 2022 को नगर परिषद की साधारण सभा में सर्व सम्मति से भगवान परशुराम की मूर्ति स्थापना और सर्किल का नाम परशुराम सर्किल प्रस्तावित किया गया है। जो कि बोर्ड की प्रोसिडिंग में प्रस्ताव संख्या 17 पर अंकित है। इसके बाद भी कुछ असामाजिक तत्वों ने नगर परिषद सभापति राजबाई बैरवा, आयुक्त होती लाल मीना, सभापति के पति राजूलाल बैरवा, घनश्याम बैरवा, केएम कंवरिया, प्रकाश गंगवाल, कालूराम बैरवा सहित 200-250 लोगों ने प्रशासन को गुमराह कर असंवैधानिक रूप से पार्क में नियम विरुद्ध बुद्ध की मूर्ति स्थापित कर दी। इसमें सभापति और आयुक्त की मौन स्वीकृति है। उक्त लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर मूर्ति को हटवाया जाए।
प्रशासनिक स्वीकृति नहीं ली गई है
मामले को लेकर कलेक्टर ने कहा कि मूर्ति स्थापना आदि को लेकर जिला स्तर पर एक कमेटी बनी हुई है। उसके बाद मामला संभागीय आयुक्त से पास भेजा जाता है। प्रकरण में कोई प्रशासनिक स्वीकृति नहीं ली गई है, जो गलत है। नगर परिषद बोर्ड की बैठक में सर्व सम्मति से हुए निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी समाजों के लोगों से भाई चारा बनाए रखने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था बनाए रखें। कानून को अपने हाथ में लेने वालों के पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।