जयपुर में कैलाश मांजू, गोल्डी बरार, लॉरेंस बिश्नोई और कैलाश के नाम से व्यापारी को धमकाने और रंगदारी मांगने का मामाला सामने आया है। इस संबंध में राजा पार्क निवासी अरविंद सुखीजा ने सोमवार रात पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
आदर्श नगर थानाधिकारी विष्णु कुमार खत्री ने बताया कि मोबाइल व्यवसायी के फोन पर 26 जून को दुबई के नंबर से एक व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम विक्की गिल बताया। साथ ही जो मैसेज भेजा गया था वह मैसेज गैंगस्टर कैलाश मांजू के नाम से भेजा गया। जिसमें पांच लाख रुपए की रंगदारी की मांग की गई। व्हाट्सएप पर मैसेज आने के बाद जब पीड़ित ने उक्त नंबर को ब्लॉक कर दिया तो उसके बाद एक अन्य नंबर से व्यापारी को व्हाट्सएप मैसेज भेज कर सोमवार दोपहर 12 बजे तक पांच लाख रुपए की व्यवस्था करने और पहले वाले नंबर को अनब्लॉक करने की धमकी दी गई। साथ ही बिना किसी रुकावट के व्यापार करने के लिए गोल्डी बरार, लॉरेंस बिश्नोई और कैलाश के नाम से रंगदारी देने को कहा गया।
मैसेज में बदमाश ने यह भी लिखा कि यदि पांच लाख रुपए की व्यवस्था नहीं होती है तो व्यापारी को गोली मार दी जाएगी और साथ ही उसके बच्चों को उठा लिया जाएगा। दुबई के नंबर से उक्त मैसेज प्राप्त होने के बाद व्यापारी काफी घबरा गया, जिसने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को की जानकारी दी। उसके बाद परिवार के सदस्यों के कहने पर सोमवार देर रात आदर्श नगर थाने पहुंच मुकदमा दर्ज करवाया।