BITS पिलानी का 54वां सांस्कृतिक महोत्सव Oasis 2026, 29 अक्तूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होगा। 'Dawn of the Djinns' थीम वाले इस आयोजन में संगीत, नृत्य, रॉक, रैप और कॉमेडी कार्यक्रम होंगे। अमर उजाला इसका मीडिया पार्टनर है।
बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS), पिलानी का वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव Oasis 2026 इस वर्ष अपने 54वें संस्करण के साथ आयोजित होगा। पांच दिवसीय यह महोत्सव 29 अक्तूबर से 2 नवंबर तक राजस्थान के पिलानी कैंपस में चलेगा। इस बार महोत्सव की थीम 'Dawn of the Djinns' रखी गई है, जो अरबी लोककथाओं से प्रेरित है। अमर उजाला इस महोत्सव का मीडिया पार्टनर है।
पांच दिवसीय आयोजन में देशभर के कॉलेजों के विद्यार्थी नृत्य, संगीत, नाटक, फैशन, ललित कला और साहित्यिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। हर शाम आयोजित होने वाले प्रो शो में संगीत कार्यक्रमों और कॉमेडी नाइट्स के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया जाएगा। Oasis राष्ट्रीय स्तर पर रॉक, रैप और कविता के क्षेत्र में प्रतिभाओं को मंच देने के लिए भी जाना जाता है। इन प्रतियोगिताओं के प्रारंभिक दौर देश के कई शहरों में आयोजित किए जाते हैं।
संगीत और कॉमेडी नाइट्स होंगी खास
महोत्सव के पिछले संस्करणों में विशाल मिश्रा, अमित त्रिवेदी, कैलाश खेर, लकी अली, डिवाइन, नैजी और रफ्तार जैसे कलाकार प्रस्तुति दे चुके हैं। कॉमेडी नाइट में समय रैना, जाकिर खान और अभिषेक उपमन्यु जैसे हास्य कलाकार भी शामिल हो चुके हैं।
Rocktaves और Rap Wars में दिखेगी प्रतिभा
Oasis की प्रमुख प्रतियोगिताओं में Rocktaves और Rap Wars शामिल हैं। Rocktaves अपने 33वें संस्करण में है और इसे भारत की प्रमुख रॉक बैंड प्रतियोगिताओं में गिना जाता है। वहीं, Rap Wars अपने आठवें संस्करण में देशभर के रैप कलाकारों को मुकाबले का मंच देगा।
महोत्सव की लोकप्रियता का अंदाजा इसके डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी लगाया जा सकता है। Oasis के यूट्यूब चैनल पर पांच लाख से अधिक व्यूज हैं, जबकि इसकी वेबसाइट पर 30 लाख से अधिक हिट्स दर्ज किए जा चुके हैं।
सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय है Oasis
इसके अलावा, Teach for India के साथ जुड़ाव के माध्यम से महोत्सव ने वंचित बच्चों की शिक्षा को सहयोग दिया है। NSS और Nirmaan की ओर से संचालित स्टॉल पर गैर-सरकारी संगठनों से प्राप्त ऐसे उत्पाद बेचे जाते हैं, जिन्हें ग्रामीण महिलाओं और विशेष रूप से सक्षम लोगों ने तैयार किया है। इस तरह Oasis सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ सामाजिक भागीदारी को भी बढ़ावा देता है।