पुलिस की छापेमारी के दौरान रामपुरा इलाके में स्थित एक गेस्ट हाउस में देह व्यापार चलाने का मामला सामने आया है। छापेमारी में पांच युवतियों सहित नौ लोगों को देह व्यापार का काम करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को गेस्ट हाउस पर छापेमारी की गई। उस दौरान होटल के दो कमरों में अनैतिक गतिविधियां चलती पाई गईं। मौके से इसके संचालक, लड़कियों की सप्लाई करने व ग्राहक लाने वाले दलाल और दो ग्राहकों को हिरासत में ले लिया गया है।
पिछले ढाई सालों से संचालक विभिन्न स्थानों से लड़कियां मंगवाकर यह अवैध कारोबार कर रहा था। ग्राहक को लाने और रकम तय करने का काम दलाल ही करता था। लेकिन दलाल इसके बदले में कुछ राशि अपने ही पास रख लेता था।
वहीं, गेस्ट हाउस से गिरफ्तार की गई लड़कियों ने बताया कि वे मजबूरी में यह काम कर रही हैं। कोलकाता की रहने वाली एक लड़की ने पुलिस को बताया कि वह गरीब परिवार से है। ज्यादा पढ़ी-लिखी न होने के कारण एक दलाल के चक्कर में पड़कर यहां आ गई। लेकिन अपने परिवार को चलाने के लिए पैसों की जरूरत थी। दलाल ने इसी बात का फायदा उठाया और मुझे यहां ले आया।
युवती ने बताया कि एक बार फंस जाने के बाद मजबूरी में यहां आना पड़ता है। दलाल के बुलाने पर वह कई बार इसी होटल में आ चुकी है। पुलिस ने इनके खिलाफ पीटा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।