राजस्थान पर्यटन स्थलों पर हॉप ऑन हॉप ऑफ बस सेवा होगी शुरू
- फोटो : social media
धोरों की धरती की विरासत में मिली पहचान को प्रदेश सरकार अब ग्लोबल स्तर तक ले जाने की तैयारी कर रही है। राजस्थान में कुछ पर्यटन स्थलों को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में तैयार करने तथा यहां हॉप ऑन-हॉप ऑफ बस सेवा शुरू करने को लेकर कार्ययोजना बनाई जा रही है। पिछले दिनों मुख्य सचिव सुधांश पंत की अध्यक्षा में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लंबी चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने पर्यटन विभाग को निर्देश दिए कि प्रदेश में पयर्टन स्थलों को वैश्विक पहचान देने के लिए या तो नए पर्यटन स्थल विकसित किए जाएं या मौजूदा पर्यटन स्थलों को ही इस तरह से विकसित किया जाए कि इन्हें वैश्चिक पहचान मिल सके। इसके लिए इन पर्यटन स्थलों पर विश्व स्तरीय सुविधाएं विकसित करने तथा उन्हें प्रमोट करने को लेकर बैठक में चर्चा की गई।
ये भी पढ़ें: राजस्थान का ये गांव बना इंसानियत की मिसाल: मुस्लिम बेटी की शादी में निभाया पिता का फर्ज; गूंजा सौहार्द का सरगम
इसके साथ ही पर्यटन स्थलों पर अब दूसरे देशों की तर्ज पर हॉप ऑन-हॉप ऑफ बस सेवा शुरू की जाएगी। मुख्य सचिव ने इसके लिए भी पर्यटन विभाग को निर्देश दिए। इसमें सभी जिलों में ऐसी बस सेवा शुरू करने के लिए कहा गया, जो वहां के सभी पर्यटन स्थलों पर सैलानियों को लेकर जाए। बस सेवा के साथ एक ऑनलाइन पोर्टल और एप भी विकसित किया जाएगा।
क्या है हॉप ऑन-हॉप ऑफ बस सेवा
एक ही शहर या जिले में जब कई पयर्टन स्थल होते हैं तो पर्यटक एक ही बस सेवा से इन्हें देख सकें, इसके लिए ऐसी बस सेवा शुरू की जाती है। इसमें यह सुविधा होती है कि पर्यटक एक बार टिकट लेकर बस में चढ़ता है। अगर उसे किसी पर्यटन स्थल पर समय बिताना है तो वह इसी टिकट के जरिए ऐसी ही किसी अगली बस में सवार हो सकता है। इसके लिए उसे दोबारा किराए का भुगतान नहीं करना होता।
मुख्य सचिव ने वेडिंग डेस्टिनेशन टूरिज्म को प्रमोट करने के भी निर्देश दिए। इसके लिए जिन जगहों पर सेलेब्रिटी की डेस्टिनेशन वेडिंग हुई है, उनके फोटोज प्रमोशनल लिटरेचर और वीडियोज में इस्तेमाल किए जाएंगे ताकि और भी लोग राजस्थान आकर डेस्टिनेशन वेडिंग करें।