नर्सेज एसोसिएशन ने किया कार्रवाई का विरोध।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के सिरोही जिला अस्पताल में 28 दिन के नवजात को कुत्ते ने नोंच-नोंच कर मार डाला। कुत्ते अस्पताल में सो रही मां के पास से नवजात को उठा ले गए थे। इस घटना ने सभी को दहला कर रख दिया है। घटना के बाद से लोगों को जबरजस्त आक्रोश है।
जिला कलेक्टर ने बताया कि इस मामले की शुरुआती जांच ने दोषी पाए गए कार्मिक नर्सिग ऑफिसर को निलबिंत कर दिया गया है। वहीं, वार्ड बॉय और गार्ड की सेवा खत्म कर दी गई है। इधर, इस कार्रवाई को लेकर लेकर राजस्थान नर्सेज एसोशिएशन के सदस्यों और पदाधिकारियों में भी आक्रोश है। बुधवार को आक्रोशित नर्सेज एसोशिएशन के सदस्यों और पदाधिकारियों ने पीएमओ कार्यालय का घेराव करके एक तरफा कार्रवाई का विरोध किया। साथ ही ज्ञापन देकर मांग की गई कि तीनों कार्मिकों की सेवा को बहाल किया जाए। अगर, ऐसा नहीं होता है तो गुरुवार से अनिश्चितकालीन काम का बहिष्कार किया जाएगा।
नर्सेज एसोशिएशन की मांग है इस लापरवाही के जिम्मेदार बड़े अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, सिर्फ छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई करना सही नहीं है। जिला कलेक्टर ने कहा कि इस मामले में जो अधिकारी और कर्मचारी दोषी होंगे सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई थी। इसे लेकर उन पर कार्रवाई की गई है। अभी मामले की जांच जारी है, जांच रिपोर्ट आने पर अन्य दोषियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।