फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जैसलमेर: रामदेवरा में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा रामदेवजी के 642वें मेले का भव्य आगाज

Sun, 13 Sep 2026 03:02 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर

सार

जैसलमेर के रामदेवरा धाम में रविवार को लोकदेवता बाबा रामदेवजी के 642वें मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। समाधि स्थल पर बाबा के वंशजों ने पंचामृत अभिषेक किया, जिसके बाद जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल और एसपी अभिषेक शिवहरे ने समाधि पर मखमली चादर चढ़ाई।
विज्ञापन
बाबा रामदेवजी के 642वें मेले का भव्य आगाज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जन-जन के आराध्य और पश्चिमी राजस्थान के महाकुंभ कहे जाने वाले लोकदेवता बाबा रामदेवजी के 642वें मेले का रविवार को धर्मस्थली रामदेवरा धाम में विधिवत शुभारंभ हुआ। बाबा रामदेवजी की समाधि स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल, जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, बाबा के वंशज और समाधि समिति के सदस्य मौजूद रहे। बाबा के वंशजों ने समाधि स्थल पर विधि-विधान से पंचामृत अभिषेक किया। इसके बाद जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल और एसपी अभिषेक शिवहरे ने बाबा की समाधि पर मखमली चादर चढ़ाई। सुबह की आरती के साथ मेले का औपचारिक आगाज हुआ।

देशभर से पहुंचे श्रद्धालु, रामदेवरा में आस्था का सैलाब

मेले का शुभारंभ होते ही रामदेवरा में देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा रामदेवजी की समाधि के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

पेयजल से लेकर स्वास्थ्य चौकियों तक इंतजाम

जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई है। गर्मी और भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में फॉगिंग मशीन से छिड़काव कराया जा रहा है।

विज्ञापन


इसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और अलग-अलग स्थानों पर स्वास्थ्य चौकियां स्थापित की गई हैं। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। रुणीचा सरोवर पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं।

निकाय चुनाव के बीच हो रहा मेला, कानून व्यवस्था पर विशेष जोर

कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि इस बार मेला विशेष परिस्थितियों में आयोजित हो रहा है। निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ कानून व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की हैं। पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने बाबा रामदेवजी को सामाजिक समरसता का देवता बताते हुए कहा कि बाबा ने बिना किसी भेदभाव के सभी की मदद की। उन्होंने बाबा से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

सीसीटीवी बढ़ाए, कतारों को व्यवस्थित रखने के लिए लगाई जालियां

एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत किया गया है। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है। श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित रखने के लिए लोहे की जालियां लगाई गई हैं, ताकि भीड़ का दबाव नियंत्रित रहे और भगदड़ जैसी स्थिति को रोका जा सके। मेले में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2000 से अधिक पुलिसकर्मियों एवं सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु दर्शन और आपात स्थिति से निपटने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें