फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकाय चुनाव में डीडवाना और नागौर में बवाल: विधायक यूनुस खान से धक्का-मुक्की; फर्जी मतदान के आरोप में पथराव

Wed, 09 Sep 2026 06:32 PM IST
हिमांशु सिंह बघेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नागौर/डीडवाना

सार

राजस्थान नगर निकाय चुनाव के मतदान के दौरान डीडवाना और नागौर में हंगामे की घटनाएं सामने आईं। डीडवाना के वार्ड-11 में निर्दलीय विधायक यूनुस खान ने अपने और परिवार के साथ धक्का-मुक्की तथा पहचान पत्र व मतदान पर्ची फाड़ने का आरोप लगाया। 
विज्ञापन
डीडवाना विधायक यूनुस खान - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के मतदान के दौरान बुधवार को डीडवाना और नागौर में विवाद और हंगामे की घटनाएं सामने आईं। डीडवाना के वार्ड-11 में वोट डालने पहुंचे निर्दलीय विधायक यूनुस खान के साथ धक्का-मुक्की हुई। वहीं, नागौर के खत्रीपुरा में फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो गुटों के बीच विवाद के बाद पथराव हो गया। दोनों स्थानों के मतदान केंद्रों पर पुलिस तथा सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई।
विज्ञापन


विधायक ने लगाया मिलीभगत का आरोप
डीडवाना-कुचामन जिले के डीडवाना में स्थित देशवाली भवन मतदान केंद्र पर निर्दलीय विधायक यूनुस खान अपने परिवार के साथ मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे थे। आरोप है कि बाहर से आए कुछ लोगों ने उनके और परिजनों के साथ धक्का-मुक्की की तथा पहचान पत्र और मतदान पर्ची फाड़ दी। यूनुस खान ने कांग्रेस और भाजपा के समर्थकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि मतदान के दौरान उन पर और उनके परिवार पर यह तीसरा हमला है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पहले ही सुरक्षा मांगी थी, लेकिन सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। विधायक ने भाजपा, कांग्रेस और पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाकर एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की तथा मतदान करने से मना कर दिया। घटना की सूचना पर वृत्ताधिकारी उमेश गुप्ता और थानाधिकारी मोहन सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया।

ये भी पढ़ें-  राजस्थान निकाय चुनाव: 3 बजे तक 63.55% मतदान, छोटे कस्बों में जोश तो बड़े शहरों में सुस्ती
विज्ञापन


खत्रीपुरा केंद्र के बाहर हुआ पथराव
नागौर के खत्रीपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय-5 मतदान केंद्र के बाहर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान कुछ युवकों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और सुरक्षाबलों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। हंगामे के बावजूद मतदान प्रक्रिया रोकी नहीं गई और मतदाताओं ने पुलिस की मौजूदगी में वोट डाले। पथराव में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस प्रशासन ने दोनों केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
विज्ञापन


 

कोटा में जनसंपर्क के दौरान बर्तन मांजते दिखे निर्दलीय उम्मीदवार

 नगर निगम चुनाव के दौरान राजस्थान के कोटा स्थित वार्ड 33 से अनोखा दृश्य सामने आया है। यहां निर्दलीय उम्मीदवार कृष्ण मुरारी कहार जनसंपर्क अभियान के दौरान एक घर के बाहर बर्तन धो रही महिला के पास पहुंचे और खुद साबुन लेकर बर्तन मांजने लगे। प्रत्याशी की इस अप्रत्याशित मदद को देखकर महिला पहले तो हैरान हुई, फिर हंसने लगी। इसके बाद उम्मीदवार ने महिला के पैर छूकर उनसे जीत का आशीर्वाद मांगा। इस घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

चुनावी जनसंपर्क का अनोखा तरीका

वार्ड 33 के इस निर्दलीय प्रत्याशी ने पारंपरिक भाषण देने के बजाय सीधे लोगों के घरेलू कामकाज में हाथ बंटाकर उनसे जुड़ने की तरकीब निकाली। स्थानीय लोग और इंटरनेट उपभोक्ता इस तरीके को चुनावी प्रचार की चतुर रणनीति के रूप में देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर उपभोक्ता तरह-तरह की मजेदार टिप्पणियां कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि चुनाव नेताओं से क्या-क्या नहीं करवा लेता, वहीं कुछ लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि क्या ये नेता आम दिनों में भी अपने घरों में ऐसी मदद करते हैं।

चूरू में निकाय चुनाव में मतदान के 10 मिनट बाद बुजुर्ग की मौत

चूरू नगर पालिका चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 52 में मतदान करने के करीब 10 मिनट बाद ही 85 वर्षीय मोहनलाल रेगर की मौत हो गई। वह बुधवार सुबह लगभग नौ बजे परिजनों की सहायता से व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान केंद्र पहुंचे थे। परिजनों ने उन्हें बूथ के अंदर ले जाकर वोट दिलवाया। मतदान के बाद परिजन जब उन्हें व्हीलचेयर पर वापस घर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।

102 साल की बुजुर्ग महिला  व्हीलचेयर से मतदान के लिए पहुंची

 निकाय चुनाव के पहले चरण के दौरान रींगस नगरपालिका के वार्ड संख्या 32 में स्थित मतदान केंद्र पर 102 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने व्हीलचेयर पर बैठकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। परिजनों की मदद से मतदान केंद्र पहुंचीं इस बुजुर्ग महिला ने मतदान करने के उपरांत अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाकर अन्य नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। महिला के परिजनों के अनुसार, वह अपनी उम्र के इस पड़ाव तक चुनावों में लगभग 50 बार मतदान कर चुकी हैं।


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें