नागौर में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा खींवसर-मड़पुरा मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार करीब 50 फीट तक घसीटती चली गई।
पुलिस के अनुसार परिवार के सदस्य बीकानेर से रिश्तेदार की शोकसभा में शामिल होने के बाद अपने गांव मड़पुरा लौट रहे थे। इसी दौरान खींवसर-मड़पुरा मार्ग पर डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
ये भी पढ़ें: गूगलकोटा सरकारी स्कूल में खाना बनाते समय लगी आग: स्टाफ और ग्रामीणों ने जलता सिलिंडर तालाब में फेंका, हादसा टला
तीन की मौत, एक जोधपुर रैफर
खींवसर थाना अधिकारी उजाराम के अनुसार हादसे में सुगनाराम (45), उनकी पत्नी सुवा देवी (43) और उनकी साली मणी देवी (40) की मौत हो गई। वहीं सुगनाराम के बड़े भाई धनाराम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जोधपुर रैफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायल धनाराम का उपचार जारी है।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और चालक की पहचान को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। बताया गया कि जिस कार में परिवार सफर कर रहा था, उसे पिछले सप्ताह ही खरीदा गया था। परिवार में एक साथ तीन मौतों से गांव में शोक का माहौल है।