शादी से पहले परिवार में पसरा मातम
- फोटो : अमर उजाला
नागौर जिले के खींवसर थाना क्षेत्र के टांकला गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की शहनाई बजनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। 45 वर्षीय रामनिवास प्रजापत का शव गांव के बाहर खेजड़ी के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बन गई।
छह दिन बाद थी दो बेटियों की शादी
जानकारी के मुताबिक, रामनिवास प्रजापत खेती और पत्थर घड़ाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी दो बेटियों, पूजा और दूसरी बेटी की शादी 3 नवंबर को तय थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन बुधवार को यह खुशियां मातम में बदल गईं। अचानक शव मिलने की सूचना से परिवार और गांव दोनों स्तब्ध रह गए।
बेटी ने जताई हत्या की आशंका
घटना की सूचना मिलने पर खींवसर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। देर शाम मृतक की बड़ी बेटी पूजा प्रजापत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके पिता का दो चाचाओं और एक रिश्तेदार दादा से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूजा ने आशंका जताई कि इसी विवाद के चलते पिता की हत्या की गई है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather: चित्तौड़गढ़ में मावठ का कहर, 36 घंटे की तेज बारिश से छलके तालाब; घोसुण्डा बांध के गेट खुले
पुलिस ने शुरू की जांच
खींवसर थानाधिकारी रामनारायण भंवरिया ने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। रात अधिक होने के कारण पोस्टमार्टम गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या। पुलिस ने जमीन विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
रामनिवास अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और दो छोटे बेटे छोड़ गए हैं। अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है। जहां घर में शादी की तैयारी चल रही थी, वहीं अब सन्नाटा छाया हुआ है। ग्रामीणों ने भी इस घटना पर दुख जताया और परिवार को सांत्वना दी। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Sirohi News: ग्राम विकास अधिकारी परीक्षा दो नवंबर को, सिरोही में 12 परीक्षा केंद्र पर 3120 अभ्यर्थी देंगे पेपर