नागौर के खींवसर थाना क्षेत्र के टांकला गांव में शराब ठेके पर रात के समय सो रहे सेल्समैन की आंखों में मिर्ची डाल कर मारपीट करने, शराब की पेटियां और नगदी लूटकर दुकान में आग लगाने के मामले में थाना पुलिस ने घटना में शामिल 3 आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। जिनके नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए।
21 दिसंबर की रात हुई थी टांकला गांव में शराब ठेके पर डकैती
नागौर एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि 21 दिसंबर की रात थाना खींवसर क्षेत्र के टांकला गांव स्थित शराब ठेके पर हुई डकैती की इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा, सीओ विनोद कुमार सीपा के सुपरविजन और थानाधिकारी अशोक बिस्सू के नेतृत्व में टीम गठित की गई , जिसने आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
लूटा का माल और पहले की वारदातों का लगाया जा रहा पता
गठित पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और सोर्सेस से इन्फॉर्मेशन जुटाकर आरोपियों की खोज शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए घटना का खुलासा कर 3 आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया गया है। जिनसे लूटे गए माल और इससे पहले की अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।