राजसमंद सांसद दीया कुमारी और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव
- फोटो : सोशल मीडिया
सांसद दीया कुमारी से मुलाकात के बाद केंद्रीय रेल मंत्री ने पुष्कर, मेड़ता और रास-बिलाड़ा नई रेलवे लाइन के लिए भी आश्वस्त कर दिया है। सांसद दीया कुमारी के नेतृत्व में राजसमंद जिले के जनप्रतिनिधियों और बीजेपी कार्यकर्ताओं के एक दल ने दिल्ली के रेल भवन में केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मावली-मारवाड़ आमान परिवर्तन के पहले फेज में नाथद्वारा से देवगढ़ तक के लिए 968.92 करोड़ फंड की स्वीकृति के लिए उनका आभार जताया।
केंद्रीय मंत्री वैष्णव से सांसद दीया कुमारी ने कहा कि 8-9 दशक के लंबे अरसे के लंबे इंतजार के बाद क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं को जो गिफ्ट आपने दिया है, उससे सभी खुश हैं। मोदी सरकार के लिए जनता अपनी सद्भावनाएं व्यक्त करती है। क्षेत्र की जनता अपेक्षा रखती है कि पहले फेज की घोषणा की विधिवत शुरुआत करते हुए जल्दी से जल्दी काम पूरा कर दूसरे चरण की शुरुआत की जाए।
'जल्द ही प्रथम चरण का काम शुरू होगा'
केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने आश्वस्त करते हुए कहा कि रेल सेवाओं का विस्तार करके ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है और यह सब पीएम मोदीजी के नेतृत्व के कारण सम्भव हो पा रहा हैं, जो बारीकी से एक-एक बात का निरीक्षण करते हैं। रेल मंत्री ने कहा, जल्द ही प्रथम चरण का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने सांसद दीया कुमारी को धन्यवाद देते हुए कार्यकर्ताओं से कहा, यह सब आपकी सांसद की पॉज़िटिव सोच और मेहनत का रिजल्ट है, इस काम की स्वीकृति का पूरा श्रेय सांसद दीया कुमारी जाता है। पुष्कर-मेड़ता और रास- बिलाड़ा नई रेलवे लाइन के बारे में भी रेल मंत्री ने पॉज़िटिव जवाब देते हुए जल्द ही स्वीकृति के लिए आश्वस्त किया।
रेल मंत्री को देवदर्शन के साथ शिलान्यास करने का न्योता...
आभार जताने दिल्ली पहुंचे करीब 50 कार्यकर्ताओं की टीम ने केंद्रीय मंत्री वैष्णव को प्रभु श्रीनाथ जी की तस्वीर भेंट कर पान, प्रसाद, गुलदस्ते के साथ भावपूर्ण स्वागत सम्मान करते हुए भारत माता, श्रीचारभुजानाथजी, श्रीद्वारकाधीश और श्रीनाथजी, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के जयकारे के साथ राजसमंद आकर देवदर्शन के साथ शिलान्यास करने का न्योता दिया। इस मौके पर कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व विधायक हरी सिंह रावत, जिलाध्यक्ष मानसिंह बारहठ और कार्यकर्ता मौजूद रहे।