सीएचओ पेपर लीक को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक रामलाल शर्मा ने सरकार को घेरा। कहा कि लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में डाल चुकी ये पेपर लीक माफ़िया आखिरकार कब रुकेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सीएचओ की परीक्षा का आयोजन हुआ है। परीक्षा के उपरांत सीएचओ संघर्ष समिति के कई सदस्यों और पदाधिकारियों ने इस बात को कहा कि सोशल मीडिया पर सवेरे आठ बजकर दो मिनट पर ही पेपर आ चुका था, लेकिन तत्कालीन समय में अधीनस्थ बोर्ड ने कहा कि कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। कुछ लोग पेपर लीक की अफ़वाह फैला रहे हैं। तीन दिन के बाद पुख़्ता सबूत आने के बाद अधीनस्थ बोर्ड को भी लगा कि पेपर लीक होने की पूरी संभावना है, लेकिन जब तक एसओजी इस तरीके की पुष्टि नहीं कर देती तब तक पेपर लीक हम नहीं करेंगे।
राजस्थान सरकार फिर नाकाम
भारतीय जनता पार्टी लगातार मांग करती आ रही है कि प्रदेश सरकार राजस्थान के अंदर निष्पक्षता के साथ परीक्षा कराने में नाकाम साबित हुई है और अब सीएचओ भर्ती परीक्षा भी पेपर लीक होना इस बात को प्रमाणित करता है कि न तो पेपर लीक माफ़िया को सरकार का डर है और न ही पुलिस का डर है। बस सरकार कठोर कानून बनाने की झूठी वाहवाही लूट रही है। आवश्यकता इस बात की है कि सरकार भेदभावपूर्ण और द्वेषतापूर्ण कार्रवाइयों से दूर रहते हुए निष्पक्षता के साथ जांच करें और जब तक कानून का शिकंजा वास्तविकता के अंदर जो गुनहगार है उन गुनाहगारों की गिरेबान तक नहीं पहुंचेगा, तब तक यह पेपर लीक रुकने वाला नहीं है। लाखों छात्रों के भविष्य के साथ अंधकार कर चुकी ये पेपर लीक माफ़िया आखिरकार कब तक रुकेंगे।