दंगा और आंदोलन करने वालों से निपटने के लिये पुलिस ने एक नया हथियार तैयार कर लिया है। इस हथियार से कहीं कोई चोट पहुंचे बिना भी बचना मुश्किल हो जायेगा। अपने नये हथियार मिर्ची बम से पुलिस के लिये भीड़ पर नियंत्रण पाना आसान हो जायेगा।
मिर्ची बम को प्रायोगिक तौर पर पहले जयपुर और भरतपुर के अलावा दो एसटीएफ कंपनियों को दिया जा रहा है। अगर यहां सफल रहा तो अन्य जगह भी इस लागू किया जायेगा।
अभी पुलिस भीड़ को काबू करने के लिये अश्रुगैस का इस्तेमाल करती थी। लेकिन आंदोलकारियों ने गीले कपड़े से ढक कर इससे बच निकलने का तरीका भी निकाल लिया था। ऐसे में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ता था और पथराव की स्थिति में चोटें आ जाती थीं।
पुलिस को मिले मिर्ची बम से एक गैस निकलेगी जिससे मिर्च को जलाने पर होने वाली गंध आयेगी। इससे लोगों को तेज खांसी, आंखों में जलन होगी और कुछ देर के लिये देखने में भी दिक्कत होगी। ऐसे में पुलिस आसानी से भीड़ पर काबू पा सकेगी।