जयपुर मेट्रो में आपके सफर की कीमत अब कुछ बढ़ सकती है। आज दोपहर चार बजे कई मुद्दों को लेकर जयपुर मेट्रो के बोर्ड ऑफ डॉयरेक्टर्स की बैठक होने वाली है। बैठक में मुख्य मुद्दा मेट्रो के किराए में बढ़ोतरी होगी। दरअसल मेट्रो के संचालन के बाद से लगातार घाटे की खबरें सामने आती रही हैं। इस घाटे से पार पाने के लिए पहले मेट्रो का किराया पीक आवर्स में बढ़ाया जा चुका है और अब सामान्य समय में भी किराया वृद्धि की जा सकती है।
माना जा रहा है कि इसमें एक से तीन रुपए तक की बढ़ोतरी की जा सकती है। अब तक दो स्टेशन के बीच दूरी तय करने में आपके पांच रुपए लग रहे हैं, संभव है कि ये पांच की बजाय छह से आठ रुपए तक हो जाए।
इस बैठक में तय किया जाएगा कि किराया बढ़ाया जाए या नहीं। यदि बढ़ाया जाए तो किराए में कितनी बढ़ोतरी की जाए। माना जा रहा है कि मेट्रो प्रशासन की ओर से किराए में बढ़ोतरी करीब एक से तीन रुपए तक की जा सकती है। यदि बैठक में वृद्धि का प्रस्ताव पास होता है, तो एक अप्रेल से किराए में बढ़ोतरी किए जाने की संभावना है। अब मंहगाई के कारण बढ़ रहे मेट्रो घाटे को देखते हुए किराया वृद्धि के प्रस्ताव को अनुमति मिल सकती है।
मेट्रो रेल शुरू होने के बाद लगातार घाटा बढ़ रहा है। मेट्रो फेज-2 शुरू नहीं होने के कारण मानसरोवर से चांदपोल का पहला फेज घाटे का सौदा साबित हो रहा है। मेट्रो प्रबंधन अब मेट्रो साइट पर जमीन नीलाम या लीज पर देकर कमाई करेगा।