Dholpur: चुनावी रंजिश को लेकर हुए पथराव एवं फायरिंग के मामले में बाड़ी में जाटव समाज के लोगों ने बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी संजय कुमार जाटव के नेतृत्व में अखिल राजस्थान जाटव महासभा जयपुर के बैनर तले जिला कलेक्टर अनिल कुमार अग्रवाल को ज्ञापन दिया है। इस ज्ञापन में दोषियों पर कार्रवाई की बात कही गई है।
27 नवंबर को बाड़ी विधानसभा क्षेत्र के गांव पंजीपुरा में दो पक्ष के लोगों में चुनावी रंजिश को लेकर हुए पथराव एवं फायरिंग का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को जाटव समाज के लोगों ने बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी संजय कुमार जाटव के नेतृत्व में अखिल राजस्थान जाटव महासभा जयपुर के बैनर तले जिला कलेक्टर अनिल कुमार अग्रवाल को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन के माध्यम से घटना में संलिप्त दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी है।
विज्ञापन
चुनावी रंजिश को लेकर हुई थी झड़प
संजय कुमार जाटव ने बताया कि 27 नवंबर को बाड़ी विधानसभा क्षेत्र के गांव पंजीपुरा में दो समाजों के लोगों के मध्य चुनावी रंजिश को लेकर झड़प हुई थी। झगड़े में दोनों तरफ से पथराव एवं फायरिंग हुई थी। फायरिंग एवं पथराव में करीब 10 लोग गोली के छर्रे एवं पत्थर लगने से घायल हुए थे। आरोप लगाते हुए कहा वारदात में शामिल मुख्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस नाकाम साबित रही है। उन्होंने बताया कि घटना से जाटव समाज के लोगों में रोष व्याप्त है। गुरुवार को जाटव समाज के लोगों ने अखिल राजस्थान जाटव महासभा के बैनर तले जिला कलेक्टर अनिल कुमार अग्रवाल को ज्ञापन प्रेषित किया है। मुख्यमंत्री के नाम दिए गए ज्ञापन के माध्यम से दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जाटव समाज के लोग पीड़ित परिवारों के लिए सुरक्षा की भी मांग कर रहे हैं।
सीओ बोले, 11 आरोपी गिरफ्तार
वारदात को लेकर धौलपुर ग्रामीण सीओ बाबूलाल मीणा ने बताया कि पंजीपुरा गांव में 27 नवंबर को दो पक्षों में चुनावी अदावत को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था। दोनों तरफ से पथराव एवं फायरिंग भी हुई थी। घटना में बच्चे, महिला एवं पुरुष समेत करीब 10 लोग जख्मी हुए थे। उन्होंने बताया कि समय पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुकदमा में नामजद कुछ आरोपी फरार चल रहे हैं। फरार आरोपियों के संभावित स्थानों पर पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।