करीब 20 करोड़ रुपए के रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार हुए अतिरिक्त मुख्य खान सचिव अशोक सिंघवी के जयपुर स्थित घर से भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बृहस्पतिवार को विदेशी शराब की महंगी 177 बोतलें बरामद कीं।
इसके बाद अशोक नगर थाने में एक्साइज एक्ट का मामला और दर्ज कर लिया गया। इधर, सिंघवी, अतिरिक्त निदेशक खनन पंकज गहलोत, वरिष्ठ अभियंता पी.आर. आमेटा सहित इस मामले में सभी सातों आरोपियों को उदयपुर की एसीबी अदालत में पेश किया गया, जहां पांच दिन की पूछताछ की स्वीकृति मिल गई।
इनमें से दो बिचौलियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर इशारा करते हुए कहा कि सिंघवी किसके चहेते अधिकारी थे? इसकी भी जांच होनी चाहिए।