Barmer: चूंकि दोनों नेता अलग-अलग दलों से हैं, इसलिए इस मुलाकात को महज संयोग नहीं माना जा रहा। राजनीतिक जानकार इसे राजस्थान की बदलती राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, दोनों नेताओं ने इसे शिष्टाचार भेंट करार दिया है।
भाजपा नेता कर्नल मानवेन्द्र सिंह जसोल और आरएलपी अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल की बीच सड़क पर हुई मुलाकात ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। दोनों नेताओं ने इस मुलाकात को सौहार्दपूर्ण बताया, लेकिन सियासी गलियारों में इसे अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है।
विज्ञापन
कैसे हुई मुलाकात?
रविवार को हनुमान बेनीवाल बाड़मेर दौरे पर थे, जबकि मानवेन्द्र सिंह जोधपुर जा रहे थे। बायतु के पास दोनों नेता अचानक आमने-सामने आ गए। अपनी गाड़ियां रुकवाकर पहले दोनों ने हाथ मिलाया और फिर गले मिलकर आत्मीयता दिखाई। कुछ मिनटों की बातचीत के बाद दोनों अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
सोशल मीडिया पर भी चर्चा
मुलाकात के बाद मानवेन्द्र सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "संसदीय क्षेत्र के दौरे के दौरान हनुमान बेनीवाल जी से आत्मीय मुलाकात हुई। होली की शुभकामनाएं दीं और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। यह सौहार्द और मित्रता को और प्रगाढ़ करने का अवसर रहा।" इसी तरह, हनुमान बेनीवाल ने भी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, "बाड़मेर दौरे के दौरान मित्र एवं पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह से आत्मीय मुलाकात हुई। हमने होली की शुभकामनाएं दीं और कई मुद्दों पर चर्चा की।"