शहर में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। शिप्रापथ थाना इलाके में रहने वाले रिटायर बैंक अफसर केके गुप्ता के घर बुधवार आधी रात बाद लुटेरे घुसे। बुजुर्ग दंपति को घर में बंधक बनाने के बाद लुटेरों ने घर से करीब ढाई लाख रुपए कैश और सात लाख रुपए के जेवर चुरा लिए। इस दौरान घर में एक छोटी बच्ची और मौजूद थी जो दंपति की पोती थी। लूट की इस पूरी वारदात में लुटेरों का साथ दिया घर की नौकरानी प्रिया साहू ने।
प्रिया को करीब चार महीने पहले ही प्लेसमेंट कंपनी की मदद से हायर किया गया था। नौकरानी प्रिया ने ही लुटेरों को बताया कि घर में कहां जेवर और कैश रखा है। लूट की इस वारदात के बाद नौकरानी लुटेरों के साथ ही चली गई। लुटेरे जाते हुए बैंक अफसर की कार भी ले गए। आज तड़के इस बारे मे जैसे-तैसे शिप्रापथ थाना पुलिस को जानकारी दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दंपति का बेटा और बहु किसी काम से घर के बाहर गए हुए थे।