राजस्थान भाजपा के सुराज संकल्प सम्मेलन के पोस्टर में इस बार आडवाणी को जगह नहीं मिली है। इस पोस्टर में नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह सहित प्रदेश अध्यक्ष वसुंधरा राजे विद्यमान हैं। लेकिन आडवाणी गायब हैं।
भाजपा का यह सम्मेलन मंगलवार को जयपुर स्थित अमरूदों के बाग में आयोजित होगा, जिसे नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह संबोधित करेंगे।
भाजपा चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख नरेंद्र मोदी की दिनोंदिन बढ़ती लोकप्रियता के कारण भाजपा की ओर से विशाल पंडाल लगाया गया है।
सम्मेलन में प्रदेश भर से ब्लॉक स्तर तक के भाजपा कार्यकर्ता व आम जन जयपुर पहुंचेंगे। मोदी और राजनाथ के बैनरों के बीच लालकृष्ण आडवाणी को जगह नहीं मिल पाना यहां चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस सम्मेलन के साथ ही भाजपा की ओर से राजस्थान विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार शुरू होगा।
सम्मेलन मंगलवार सुबह 11 बजे शुरू होगा और मोदी जयपुर हवाई अड्डे से सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। वह करीब एक बजे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
सभा के बाद मोदी जयपुर से दोपहर तीन बजे अहमदाबाद के लिए विमान से वापसी करेंगे।