अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटपूतली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके कई अन्य हथियार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली और वृत्ताधिकारी राजेंद्र कुमार बुरड़क के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम बुधवार को संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने कार वापस मोड़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। वाहन की तलाशी लेने पर कार में सवार पांच युवकों के पास से अवैध हथियार बरामद हुए। इनमें दो युवकों के पास लोडेड देशी पिस्टल और लोडेड देशी कट्टा मिला। पुलिस ने मौके पर ही हथियारों को जब्त कर लिया।
ये भी पढ़ें: Jaipur: रिश्वत विवाद के बाद फिर एक्शन में किरोड़ी, जयपुर की जैविक उर्वरक इकाई पर छापा; कई अनियमितताएं सामने आईं
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हिमांशु और संदीप के खिलाफ पूर्व में भी झगड़ा और फायरिंग के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार दोनों कुछ मामलों में वांछित भी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111(3), 111(4) तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि आरोपी हथियार कहां से लेकर आए और किसी संभावित वारदात को अंजाम देने की तैयारी तो नहीं कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप निवासी मुगलपुर, हिमांशु निवासी बूटेरी, राहुल रावत निवासी मोहनपुर (हरियाणा), बिजेंद्र निवासी भूडावाली (खैरथल) और हर्ष निवासी दूधवा (झुंझुनूं) शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।