कोटपूतली-बहरोड़ के प्रसिद्ध त्रिवेणी धाम में शनिवार देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए दो मंदिरों से लाखों रुपये की चांदी और दान पेटियों में रखी नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह मंदिर के कपाट खुलने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु और मंदिर समिति के सदस्य मौके पर पहुंच गए।
गणेश मंदिर और पंचमुखी हनुमान मंदिर को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, चोरों ने त्रिवेणी धाम स्थित श्री गणेश जी मंदिर और पंचमुखी हनुमान जी मंदिर को निशाना बनाया। बदमाश मंदिरों से करीब 7 किलो 500 ग्राम चांदी के आभूषण और धार्मिक सामग्री चोरी कर ले गए। इनमें करीब 3 किलो 250 ग्राम वजन का चांदी का छत्र और लगभग 4 किलो 250 ग्राम वजन के चांदी के मुकुट शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा मंदिर परिसर में रखी दान पेटियों को तोड़कर उनमें रखी नकदी भी चुरा ली गई।
देर रात हुई वारदात
सुबह खुला चोरी का राज
सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो मंदिर के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और श्रद्धालु मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।