बानसूर में अलवर रोड बाईपास पर एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बाइक सवार देवर-भाभी को कुछ युवकों ने घेरकर बेरहमी से पीट दिया, जिसमें गर्भवती महिला को गंभीर चोटें आईं। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए।
हॉर्न और साइड को लेकर शुरू हुई कहासुनी
जानकारी के अनुसार, देवर अपनी गर्भवती भाभी को अस्पताल दिखाकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे युवकों से साइड लेने और हॉर्न बजाने जैसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद बढ़कर झगड़े में बदल गया।
साथियों को बुलाकर किया हमला
आरोप है कि पहले युवकों ने देवर के साथ मारपीट शुरू की और फिर फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में एक स्विफ्ट कार और दूसरी बाइक में सवार 4-5 युवक वहां पहुंचे और दोनों पर हमला कर दिया।
सड़क पर गिराकर बेरहमी से की पिटाई
हमलावरों ने देवर-भाभी को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। इस दौरान गर्भवती महिला के पेट में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह सड़क पर गिर पड़ी। घटना के दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई।
पढ़ें- Rajasthan News: बालोतरा में दिनदहाड़े घर में घुसकर युवती के अपहरण की कोशिश, चार हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने बीच-बचाव कर दोनों को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया।
वाहन छोड़कर फरार हुए आरोपी, जांच जारी
हमलावर युवक अपनी स्विफ्ट कार और बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को संभाला और घटनास्थल की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।