विद्युत सब ग्रिड स्टेशन के मुख्य रास्ते पर दिखा वन्यजीव
- फोटो : अमर उजाला
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के रायकरणपुरा, बनेठी क्षेत्र के समीपवर्ती गांव पानेड़ा स्थित विद्युत सब ग्रिड स्टेशन के पास संदिग्ध वन्यजीव की मौजूदगी से दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार रात करीब 10 बजकर 30 मिनट पर पहली बार नजर आए इस वन्यजीव का असर अगले दिन तक बना रहा। अब ताजा घटनाक्रम में वन्यजीव को फिर से देखे जाने की पुष्टि हुई है, जिसका वीडियो ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में कैद किया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पहले दिन वन्यजीव को सब ग्रिड स्टेशन के आसपास घूमते देखा गया था। कुछ लोगों ने इसे शेरनी जैसा बताया, जबकि वन विभाग ने प्रारंभिक जांच में इसे बघेरा (तेंदुआ) होने की आशंका जताई थी। सबसे पहले विक्रम मीणा ने इस बड़े आकार के वन्यजीव को देखा, जिसके बाद गांव में सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर रेंजर सतपाल यादव के निर्देशन में वन विभाग की टीम राजेन्द्र मीणा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर वन्यजीव के मूवमेंट के संकेत जुटाने का प्रयास किया।
पढ़ें- Rajasthan: सुप्रीम कोर्ट का राजस्थान SI परीक्षा स्थगित करने से इनकार, अभ्यर्थियों को परीक्षा देने की अनुमति
ताजा स्थिति में वन्यजीव का फिर से दिखना और उसका वीडियो सामने आना ग्रामीणों की चिंता को और बढ़ा रहा है। गांव में रात के समय सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर न निकलने तथा बच्चों को घर के अंदर रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि गतिविधि जारी रहती है, तो वन्यजीव को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा। घटना के बाद से गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग लगातार सतर्कता बरत रहे हैं।