फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भिवाड़ी की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग: धधकती लपटों से दहला औद्योगिक क्षेत्र, मची अफरा-तफरी

Sat, 23 May 2026 11:10 PM IST
कोटपुतली ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़

सार

भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित प्लास्टिक दाना निर्माण फैक्ट्री में शनिवार रात भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। कई दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। 

विज्ञापन
भिवाड़ी की प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित गिरधर रोलरेप प्राइवेट लिमिटेड नामक प्लास्टिक दाना निर्माण फैक्ट्री में शनिवार रात करीब 9:30 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयंकर थी कि आसमान में उठती लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विज्ञापन


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री परिसर से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, जिसके कुछ ही देर बाद आग ने पूरी यूनिट को घेर लिया। फैक्ट्री में प्लास्टिक दाना और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कर्मचारियों और आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और फायर विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही भिवाड़ी नगर परिषद और रीको फायर विभाग की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता के आगे शुरुआती प्रयास नाकाफी साबित हुए। इसके बाद तिजारा, खैरथल, खुशखेड़ा सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। देर रात तक दर्जनों फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। फायर कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए लगातार मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन


घटना की सूचना मिलते ही भिवाड़ी थाना अधिकारी सचिन शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग बुझने के बाद फायर विभाग और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से जांच करेगी।

भीषण आग के चलते फैक्ट्री की मशीनरी, तैयार माल और पूरा ढांचा जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकड़ा आग पूरी तरह बुझने और जांच के बाद ही सामने आएगा।

राहत की बात यह रही कि अब तक इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। समय रहते कर्मचारियों के बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया। वहीं स्थानीय लोग देर रात तक फैक्ट्री के बाहर जमा रहे और आग की भयावह तस्वीरें मोबाइल में कैद करते नजर आए।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें