दिल्ली जयपुर हाईवे पर सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
कोटपुतली-बहरोड़ जिले के पावटा कस्बे में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक सरुंड गांव का निवासी बताया जा रहा है, जो किसी कार्य से पावटा क्षेत्र आया हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब व्यक्ति हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, इस दौरान सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इससे स्थानीय लोगों में रोष भी देखने को मिला।
स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए शव को अपने ही वाहन से पावटा के उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है।
पढ़ें- अजमेर में भीषण हादसा: शराबी चालक ने बेकाबू ट्रेलर से बरपाया कहर; 50 मीटर तक घसीटी बाइक, महिला की मौत से हड़कंप
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही, प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों ने हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ने का दावा कर रही है।