राजस्थान के कोटपूतली जिले में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में शादी समारोह में जा रहे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मौलाहेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से अर्टिगा कार को टक्कर मार दी और उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे में कार चालक अंकित और महिला सीमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों सहित छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण कि कार में फंस गए यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्टिगा कार दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मौलाहेड़ा गांव के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर कार के ऊपर चढ़ गया, जिससे कार का अगला और मध्य हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही पनियाला थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और उन्हें राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने चालक अंकित और महिला सीमा को मृत घोषित कर दिया। वहीं छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें-
Monsoon : अगले कुछ घंटे राजस्थान पर भारी! तीन जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट; IMD ने दी चेतावनी
हाईवे पर कुछ देर बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पनियाला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।