पावटा कस्बे में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कस्बे के व्यस्त माने जाने वाले कन्हैया टावर क्षेत्र में एक अज्ञात चोर ने बड़ी चालाकी से बाइक चोरी की घटना को अंजाम दिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार बनेठी निवासी लोकेश कुमावत पुत्र बुद्धराम कुमावत पावटा कस्बे में गारमेंट्स की दुकान संचालित करते हैं। सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने अपनी बाइक कन्हैया टावर के पास खड़ी की थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक मौके पर पहुंचा और बाइक के आसपास संदिग्ध गतिविधियां करता दिखाई दिया।
पहले तोड़ा लॉक, फिर दोबारा लौटकर ले गया बाइक
बताया जा रहा है कि चोर ने पहले बाइक का लॉक तोड़ा और कुछ देर के लिए वहां से हट गया ताकि किसी को उस पर शक न हो। इसके बाद वह दोबारा मौके पर लौटा और आराम से बाइक लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक की हर गतिविधि साफ दिखाई दे रही है। घटना सामने आने के बाद आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है।
व्यापारियों ने उठाए पुलिस व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही। दिनदहाड़े बाजार क्षेत्र से बाइक चोरी हो जाना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। व्यापारियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस निगरानी नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। लोगों ने बाजार और मुख्य चौक-चौराहों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित लोकेश कुमावत ने प्रागपुरा थाना पुलिस को घटना की सूचना देकर मामला दर्ज करवाया है। साथ ही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाई गई है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।