भिवाड़ी के खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में 16 फरवरी को अवैध रूप से पटाखा निर्माण के दौरान हुए भीषण धमाके के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्टरी मालिक हेमंत कुमार शर्मा और मैनेजर अभिनंदन को गिरफ्तार कर लिया है। हेमंत, भिवाड़ी पुलिस की डीएसटी टीम में तैनात हेड कॉन्स्टेबल योगेश कुमार शर्मा का भाई है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
भिवाड़ी अग्निकांड पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
भिवाड़ी में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को मिनी सचिवालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्रित होकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने पहुंचे, लेकिन मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं मिला। अधिकारियों की गैरमौजूदगी से कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश फैल गया और उन्होंने इसे पीड़ित परिवारों की अनदेखी बताया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन जानबूझकर जनप्रतिनिधियों और मृतकों के परिजनों की आवाज से दूरी बना रहा है। काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद जब कोई अधिकारी वार्ता के लिए बाहर नहीं आया तो कार्यकर्ता मिनी सचिवालय की सीढ़ियों पर ही बैठ गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई गई।
पढ़ें- Kotptli-Behror: भिवाड़ी में पटाखा माफिया पर बड़ा प्रहार, दो अवैध फैक्टरी सीज; 315 यूनिट्स की ताबड़तोड़ जांच