कोटा में मंगलवार को दादाबाड़ी इलाके में एक युवक ने सुसाइड कर लिया। युवक का शव उसके पीजी रूम में शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मोर्चरी में रखवाया। पुलिस की शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान सवाई माधोपुर निवासी मुकुट के रूप में हुई है, जोकि कोटा में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसके शव को पुलिस ने मोर्चरी में रखवाया है। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी है, जिनके कोटा पहुंचने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि जनवरी माह में 6 लोगों ने अलग-अलग कारणों की वजह से सुसाइड किया था। इन सभी मामलों में पुलिस की जांच चल रही है। फिलहाल प्रशासन पूरे शहर में जागरूकता अभियान चलाए हुए है। किसी भी तरह की परेशानी किसी को भी होने पर वह कॉल सेंटर में फोन कर सकता है। पुलिस उसकी मदद के लिए तत्काल मौके पर पहुंच रही है। प्रशासन के अधिकारी भी इस कोशिश में हैं कि सुसाइड की घटनाएं शहर में कम हों। इसके लिए अलग-अलग तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में कोटा जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी भी लगातार लोगों के बीच पहुंचकर उनको मोटिवेट कर रहे हैं।