कोटा नगर निगम कार्यालय में एक कर्मचारी को अपनी सीट से उठकर जाना भारी पड़ गया जिसकी सजा पूरे स्टाफ को मिली है। दरअसल कोटा नगर निगम आयुक्त डॉ.विक्रम जिंदल ने एनआईसी के एक कर्मचारी को किसी काम से अपने चैंबर में बुलाया था, लेकिन उस वक्त संबंधित कर्मचारी अपनी सीट पर मौजूद नहीं था, तो निगम आयुक्त खुद ही वहां पहुंच गए।
आयुक्त ने वहां कई कर्मचारियों की सीटें खाली देखीं, जिसके बाद उन्होनें स्टाफ के सभी कर्मचारियों के लिए नया फरमान जारी कर दिया। आदेशों के अनुसार अब कर्मचारियों को फिक्स 9:30 बजे आॅफिस पहुंचना पड़ेगा और शाम 6 बजे तक अपनी सीट पर बैठना होगा।
वहीं आदेशों में यह भी कहा गया है कि किसी अधिकारी द्वारा बुलाए जाने पर कर्मचारी को तुरंत 10 मिनट के अंदर संबधित अधिकारी के पास पहुंचना होगा। ऐसा नहीं करने वाले कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई करने के भी आदेश जारी किए गए हैं।