राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को लोकसभा कलस्टर की मीटिंग लेने कोटा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कोटा के जवाहर नगर स्थित एलन सभागार में कोटा-बारां और भीलवाड़ा लोकसभा कलस्टर की बैठक ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उप-मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, नारायण पंचारिया, दुष्यंत सिंह और सुभाष बाहेड़िया सहित बड़ी संख्या में वर्तमान व पूर्व विधायक और भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए आयोजित की गई बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा वह पार्टी है, जिसने एक देश दो विधान और दो निशान की परंपरा को समाप्त किया। साथ ही अनुच्छेद-370 खत्म करके अपना वादा पूरा किया। तीन तलाक की कुप्रथा से मुस्लिम महिलाओं को आजादी दिलाई।
सीएम ने कहा, कांग्रेस पार्टी ने देश को केवल तूष्टीकरण और आतंकवाद दिया है। ऐसे में अब सभी भाजपा कार्यकर्ताओं पदाधिकारी और नेताओं को एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूत करना है और जैसा कि उनका भी साफ संदेश है, अबकी बार 400 पार। वहीं, मीडिया से बात करते हुए राजस्थान के उप-मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित हो रहा है। वहीं, राजस्थान का विकास मुख्यमंत्री भजनलाल के नेतृत्व में हो रहा है।
डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा से जब पूछा गया कि भाजपा के पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल पार्टी छोड़कर कांग्रेस में चले गए हैं और उनकी कदर नहीं करने की शिकायत करते रहे हैं। इस पर प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि ऐसा नहीं है, भारतीय जनता पार्टी में हर कार्यकर्ता की कदर है। भारतीय जनता पार्टी में हर कार्यकर्ता का मान और सम्मान है। कार्यकर्ता भी अपने दायित्व का निर्वहन करता है। पार्टी में कोई छोटा बड़ा नहीं होता, सभी कार्यकर्ता समान हैं।