लाखों की ठगी के बाद ऑफिस बंद कर फरार हुए संचालक (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : AI Image- Freepik
कोटा जिले में वर्क फ्रॉम होम देने के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। अनंतपुरा थाना क्षेत्र में 50 से अधिक महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई है कि ओएसिस इंटरप्राइजेज नाम की कंपनी ने काम का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये ठग लिए। कंपनी अब ऑफिस बंद कर फरार हो चुकी है।
ब्रेल लिपि जैसा काम देकर 2500 रुपये एडवांस में वसूले
शिकायत के अनुसार कंपनी ने महिलाओं को ‘ब्रेल लिपि’ जैसे कागजों पर अक्षरों में छेद कर डॉट्स बनाने का काम दिया था। काम देने से पहले हर महिला से 2500 रुपये लिए गए। वादा किया गया था कि हर 15 दिन में 150 पेज पूरे करने पर 4000 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
चेन सिस्टम के जरिए बढ़ाया नेटवर्क, फिर ऑफिस हुआ गायब
सितंबर में सुभाषनगर में शुरू हुए इस ऑफिस ने महिलाओं को चेन सिस्टम के जरिए जोड़ना शुरू किया। कई महिलाएं नई नौकरी के लिए और कई भुगतान लेने के लिए शनिवार को जब ऑफिस पहुंचीं, तो वहां ताला मिला। संचालकों के मोबाइल फोन भी बंद थे।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: लापता भाई का हमशक्ल ढूंढा, दोस्ती गांठी... फिर कर दी हत्या; 60 लाख का बीमा हड़पने के लिए अपराध
आर्थिक तंगी से परेशान महिलाएं बनीं शिकार
कई पीड़ितों ने बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वे इस कंपनी से जुड़ी थीं। 15 दिन पहले काम शुरू करने वाली आरती सहित कई महिलाएं ठगी का शिकार हुईं। ऑफिस बंद मिलने के बाद सभी महिलाएं एकजुट होकर अनंतपुरा थाने पहुंचीं।
कर्मचारियों से भी धोखा, सैलरी का वादा निकला झूठा
कंपनी में काम करने वाले संजय ने बताया कि उसे 20 हजार रुपये सैलरी देने का वादा किया गया था, लेकिन भुगतान नहीं मिला। रोजाना 500 से ज्यादा लोग नौकरी के लिए ऑफिस पहुंचने लगे थे। वहीं कर्मचारी कोमल ने बताया कि शनिवार सुबह ग्रुप पर संदेश मिला कि ऑफिस स्थायी रूप से बंद है और सभी लोग कोटा छोड़कर चले जाएं। इसके बाद से संचालकों के सभी नंबर बंद हो गए।
यह भी पढ़ें- ‘मासियों ने पैरों से कुचलकर की हत्या’: 15 दिन के मासूम की संदिग्ध मौत, पिता ने बताई दिल दहलाने वाली बात