कोटा की कनवास थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी में मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में थाना भानपुर निवासी तस्कर भेरूलाल मीणा पुत्र उदयराम (27 वर्ष), रघुनंदन मीणा पुत्र नंद किशोर (21 वर्ष), मनोज मीणा पुत्र बाबूलाल (25 वर्ष) और मुकेश पाटीदार पुत्र भैरू लाल (39 वर्ष) को 10 किलो 576 ग्राम अवैध अफीम समेत गिरफ्तार किया गया है। यह चारों अंतर राज्य तस्कर हैं। जिनसे नशे की तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है।
10 किलो 576 ग्राम अवैध अफीम बरामद
कोटा ग्रामीण एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरुण माच्या के निर्देशन, सीओ रामेश्वर परिहार के सुपरविजन , थाना अधिकारी मुकेश कुमार त्यागी के नेतृत्व में एक विशेष टीम द्वारा नेशनल हाईवे 52 कनवास तिराहा दरा स्टेशन पर नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी में मध्य प्रदेश नंबर की संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक तलाशी लेने पर 10 किलो 576 ग्राम अवैध अफीम मिलने पर कार सवार तस्कर भेरूलाल मीणा, रघुनंदन मीणा, मनोज मीणा और मुकेश पाटीदार को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में मण्डाना थानाधिकारी श्यामा राम, कॉन्स्टेबल मुरालीलाल और दिनेश का विशेष योगदान रहा।