शहर में बढ़ रही विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत निगम ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अधीक्षण अभियंता रूप सिंह गुर्जर एवं अधिशाषी अभियंता दिगम्बर दयाल मीना के निर्देश पर गठित टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध कनेक्शन काटे। ढोलीखार, मासलपुर गेट, मीना कॉलोनी, शिकारगंज, तांबे की टोरी समेत कई इलाकों में जम्फर लगाकर अवैध रूप से बिजली की चोरी की जा रही थी, जहां विभाग ने कड़ी कार्रवाई कर करीब 650 घरों से जम्फर हटाए।
ये भी पढ़ें: Banswara: अवैध एएनएम ट्रेनिंग सेंटर का भंडाफोड़, संचालक गिरफ्तार; कई युवतियों को बेच चुका है फर्जी डिग्रियां
कार्रवाई के दौरान विद्युत चोरी के मामलों में 8 वीसीआर भरते हुए करीब 3.2 लाख रुपये की राशि वसूली गई। इस अभियान में सहायक अभियंता ललित बाबर, कनिष्ठ अभियंता शहर-प्रथम मानवेन्द्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता शहर-द्वितीय एस.के. शर्मा, एपीटीपीएस थाना करौली की पुलिस टीम तथा तकनीकी स्टाफ शामिल रहा। टीम ने घर-घर जाकर बारीकी से जांच की और नियम विरुद्ध बिजली उपयोग करने वालों पर सख्ती बरती।
सहायक अभियंता ललित बाबर ने बताया कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। भविष्य में भी विद्युत चोरी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़कर बिजली का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि बिजली का उपयोग नियमानुसार करें, ताकि सभी को निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति मिल सके।