हत्या के प्रयास और फायरिंग के आरोप में सदर थाना पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को हिरासत में लिया है। सदर थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार पीड़ित अविकेश (29 वर्ष) निवासी रोडकला ने बताया कि 12 अगस्त को वह अपने घर लौट रहा था, तभी उसके पड़ोसी लाड़सिंह, उदय, हाकिम, रतिराम और अन्य लोग घर के सामने रास्ते को खोदने लगे। जब अविकेश की मां समंदर ने इसका विरोध किया, तो आरोपी गाली-गलौच करने लगे और झगड़ा करने के लिए तैयार हो गए। इस दौरान लाडसिंह ने हवाई फायर कर दिए।
अगले दिन सुबह जब अविकेश घर के पास से जा रहा था तो वही लोग लाठी-डंडों और बंदूक के साथ आए और घर की तरफ फायरिंग कर दी। लाडसिंह ने अविकेश और उसकी मां पर गोली चलाई, जिससे अविकेश के बाएं पैर, दाहिने पैर और हाथ में गोलियों के छर्रे लग गए। अविकेश किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और परिजनों के साथ करौली अस्पताल पहुंचा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था।
सदर थाना अधिकारी रामवीर सिंह ने बताया कि मामले में पहले लाड़सिंह और रतिराम को गिरफ्तार किया गया था लेकिन मुख्य आरोपी हाकिम सिंह और उदयभान सिंह फरार थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए करौली पुलिस अधीक्षक ने 5 हजार और सवाई माधोपुर एसपी ने दस हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में जुटी है।