नाबालिग से रेप मामले में जेल में बंद आसाराम की आफत और बढ़ गई है। जोधपुर कोर्ट में पेशी के बाद आसाराम की न्यायिक हिरासत 25 अक्तूबर तक बढ़ा दी गई है।
जोधपुर सेशन कोर्ट में शुक्रवार को इस केस की सुनवाई हुई। अदालत ने मामले में शिल्पी समेत अन्य आरोपियों की भी न्यायिक हिरासत बढ़ा दी है।
आसाराम के खिलाफ उनके जोधपुर आश्रम में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला दर्ज है। वह करीब एक महीने से जेल में बंद हैं।
हाल ही में आसाराम और उनके बेटे नारायण साईं पर एक और रेप का मामला सामने आया है। सूरत की दो बहनों ने उन पर आश्रम में कई साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। बड़ी बहन का आसाराम पर और छोटी बहन का नारायण साईं पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप है।
आसाराम और नारायण साईं ने इन आरोपों के विरुद्घ की गुजरात हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। इस पर सोमवार को सुनवाई होनी है। याचिका में रेप के आरोप हटाने की मांग की गई है।
पुलिस इस ममाले में पूछताछ के लिए नारायण साईं की पिछले छह दिनों से तलाश कर रही है लेकिन वो गायब हैं। वहीं, अहमदाबाद पुलिस आसाराम को साबरमती आश्रम लाकर पूछताछ करने की तैयार में है।
इससे पहले नारायण साईं के वकील ने एक अखबार में इश्तहार भी दिया था कि नारायण साईं कहीं भागे नहीं हैं और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। साथ ही आरोपों को झूठा करार दिया गया था। हालांकि आसाराम के आश्रम की प्रवक्ता ऐसे किसी विज्ञापन की जानकारी होने से मना किया है।