सार
जयपुर में आयोजित मनोज माथुर जर्नलिज्म अवार्ड्स में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि पत्रकारिता में “न्यूज” होनी चाहिए, “व्यूज” नहीं। उन्होंने निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी बताया।
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे पुरस्कार बांटते हुए
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर में आयोजित मनोज माथुर जर्नलिज्म अवार्ड्स के दूसरे संस्करण में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पत्रकारिता की बदलती दिशा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य तथ्यों और सच को सामने लाना है, लेकिन आज के दौर में “न्यूज” की जगह “व्यूज” हावी होते जा रहे हैं।
सी-स्कीम स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में राजे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने स्वर्गीय मनोज माथुर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों और निष्पक्षता को प्राथमिकता दी। राजे ने कहा कि पत्रकार का काम खबर देना है, न कि उसमें अपने विचार और पूर्वाग्रह जोड़ना।
उन्होंने कहा, “पत्रकारिता में न्यूज होनी चाहिए, व्यूज नहीं। लेकिन आजकल ऐसा कम देखने को मिल रहा है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता बेहद जरूरी है।”
कार्यक्रम में मनोज माथुर फाउंडेशन की अध्यक्ष सुलक्षणा माथुर, ज़ी राजस्थान न्यूज के चैनल हेड मनीष शर्मा, नेटवर्क 18 राजस्थान के एडिटर अमित भट्ट और टाइम्स ऑफ इंडिया के जनरल मैनेजर आशीष दत्ता भी मौजूद रहे।