पाली जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जवाई बांध रेलवे स्टेशन के निकट ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे सामने आया। स्थानीय लोगों की सूचना पर सुमेरपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुमेरपुर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
आधिकारिक पहचान नहीं सकी थी
पुलिस के अनुसार मृत युवक और युवती की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों के नाना थाना क्षेत्र के निवासी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक उनकी आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी।
ये भी पढ़ें-
जयपुर पटाखा फैक्टरी विस्फोट: 8 लोगों की मौत का आरोपी याकूब पुलिस की पकड़ से दूर, दो पुलिसकर्मी निलंबित
परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
मामले की जानकारी संबंधित परिजनों को दे दी गई है। पुलिस परिजनों के अस्पताल पहुंचने का इंतजार कर रही है, ताकि मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की जा सके। पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला महज दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।