जोधपुर में हुए रहस्यमयी धमाकों पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जताई चिंता
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर के कई इलाकों में मंगलवार शाम एक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे लोग दहशत में आ गए। आवाज इतनी तेज थी कि घरों की खिड़कियां तक हिल गईं और लोग यह समझ नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है। मंडोर, माता का थान, लाल सागर, नो मील, 80 फीट रोड, सरण नगर और नांदड़ी क्षेत्रों में यह आवाज सबसे ज्यादा सुनी गई। लोग घरों से बाहर निकलकर एक-दूसरे से पूछते नजर आए कि यह धमाका आखिर कहां से हुआ।
पुलिस और प्रशासन भी कारण जानने में असमर्थ
धमाके के बाद कई लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के पास भी इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं था। कुछ लोगों ने इसे भूकंप की आवाज बताया, तो कुछ ने किसी विस्फोट की संभावना जताई। पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारी भी इस रहस्यमयी आवाज के स्रोत का पता लगाने में जुट गए, लेकिन देर रात तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई।
एयरफोर्स के विमानों से जुड़ा बताया जा रहा कारण
कुछ स्थानीय लोगों ने अनुमान लगाया कि यह आवाज वायुसेना के विमानों की उड़ान के दौरान उत्पन्न सोनिक बूम के कारण आई होगी। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सामान्यतः सोनिक बूम तब होता है जब कोई विमान ध्वनि की गति से तेज रफ्तार यानी सुपरसोनिक स्पीड (लगभग 1225 किमी प्रति घंटा) से उड़ता है। ऐसी स्थिति में हवा में झटके जैसी तरंगें बनती हैं, जो जमीन पर धमाके जैसी आवाज पैदा करती हैं।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान से सटे बॉर्डर पर भारत का ऑपरेशन त्रिशूल: रेतीले धोरों में उतरे लड़ाकू विमान और टैंक, शानदार तस्वीरें
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जताई चिंता
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि जोधपुर के मंडोर और आसपास के इलाकों में आई तेज धमाके जैसी आवाज से लोगों में भय और आशंका की स्थिति बनी। गहलोत ने जिला कलेक्टर से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि अब तक इस आवाज के कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं, लेकिन प्रशासन इसकी जांच कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांत रहें।
प्रशासन की अपील- न घबराएं, जांच जारी
जिला प्रशासन ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है और आवाज के संभावित कारणों की जांच की जा रही है। अब तक किसी तरह की जानमाल की हानि या नुकसान की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने नागरिकों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- Politics: 'वसुंधरा सक्षम नेता, पता नहीं क्यों घर बैठा दिया'; गहलोत ने CM भजनलाल की स्थिति को लेकर जताई चिंता