शहर में निवेश के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। कमला नेहरू नगर निवासी युवती नीलम पुत्री रामचंद्र भंभानी ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। युवती से डेढ़ से दो लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़िता का आरोप है कि एक फर्जी कंपनी के नाम पर निवेश करवा कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने अदालत से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नीलम ने रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2023-24 में बाड़मेर निवासी ओमप्रकाश, हनुमानगढ़ के पीलीबंगा निवासी वकील सिंह, उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी जावेद अंसारी, चूरू जिले के काकलासर निवासी बजरंगलाल और देहरादून (उत्तराखंड) के मोहित सैनी ने मिलकर उसके साथ ठगी की।
ये भी पढ़ें: Bhilwara News:भीलवाड़ा में तस्कर और पुलिस के बीच भिडंत, गाड़ी के टायर में लगी गोली तब भी भाग निकले
पीड़िता के अनुसार एक परिचित ने ट्रेड इलेवन फायर डॉट कॉम नामक कंपनी के बारे में बताया था। आरोपियों ने नवंबर 2023 और 11 फरवरी 2024 को होटल श्रीराम एक्सीलेंसी में सेमिनार आयोजित किया, जिसमें निवेश के बदले एक साल में पैसा दोगुना करने का लालच दिया गया।
कंपनी का एक कार्यालय फ्लैट नंबर 101, दासपा हाउस, रातानाडा में बताया गया था और इसका एक वेबसाइट और सॉफ्टवेयर भी बनाया गया था, जिसमें पीड़िता की निवेश राशि और एक यूनिक आईडी दर्ज थी। शुरुआत में कंपनी के प्रतिनिधियों से कार्यालय में मुलाकात होती रही, लेकिन कुछ समय बाद कार्यालय बंद कर आरोपी फरार हो गए। कई बार आश्वासन देने के बावजूद उन्होंने पैसा वापस नहीं लौटाया और अब फोन कॉल्स का जवाब देना भी बंद कर दिया। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के खिलाफ और भी मामले सामने आ सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।