जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के निकटवर्ती गांव बालरवा में पिकअप और कार से टक्कर मारकर हत्या के एक मामले में पुलिस ने पिता और पुत्र को गिरफ्तार किया है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम में लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बताया कि बीती 9 मार्च को बालरवा गांव निवासी छत्तरसिंह की हत्या का मामला दर्ज करवाया गया था। कार और पिकअप की टक्कर से घायल रविंद्र सिंह ने पर्चा बयान देते हुए बताया कि 8 मार्च की शाम को जमीन विवाद के चलते राजू सिंह और भोम सिंह ने लोहे के पाइप से हमला करने का प्रयास किया था लेकिन ऋतुराज सिंह ने बीच बचाव कर मामला शांत करवाया। अगले दिन वह अपने पिता छत्तर सिंह व ऋतुराज के साथ घर से मथानिया थाने के लिए रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए निकले थे लेकिन बीच रास्ते में भोम सिंह, अजय पाल सिंह, महिपाल सिंह और राजू सिंह कार और पिकअप लेकर आए और उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह और उसके पिता नीचे गिर गए। इसके बाद महिपाल सिंह ने उसके पिता छत्तर सिंह को पिकअप से कुचल दिया। दोनों घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया लेकिन इलाज के दौरान छत्तर सिंह की मौत हो गई, वहीं अन्य घायल रविंद्र सिंह का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमों का गठन किया गया और इन टीमों ने अलग-अलग जगह पर दबिशें देते हुए 48 घंटे में हत्या के दो फरार आरोपियों भोम सिंह और उसके बेटे महिपाल सिंह को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम में लगातार प्रयास कर रही है।
मथानिया थाना पुलिस ने बताया कि मृतक छत्तरसिंह और आरोपियों के घर आसपास ही हैं और घर के पास से निकलने वाले रास्ते को लेकर दोनों परिवारों में विवाद चल रहा था, जिसे लेकर चल रही आपसी रंजिश के कारण यह घटनाक्रम हुआ।