सफाई कर्मचारी होते हुए राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा पास करने वाली राजस्थान की आशा कंडारा का नाम तीन साल पहले देश भर में चर्चा में आया था। आशा को राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा (RAS) 2018 पास करने पर वाहवाही मिली। अब एक बार फिर आशा का नाम सुर्खियों में है, लेकिन इस बार उनकी वाहवाही नहीं बल्कि बदनामी हो रही। गुरुवार को एसीबी ने आशा कंडारा को एक लाख 75 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा है।
एसीबी को जानकारी मिली थी कि वह सफाईकर्मी भर्ती के लिए लोगों से पैसे ले रही थी। एसीबी की कार्रवाई के दौरान आशा कंडारा का बेटा और एक अन्य शख्स भी मौजूद था। मंगलवार की रात आशा जयपुर से पाली के लिए निकली थी। जैतारण में उसका बेटा रुपये लेकर पहुंचा। उसके साथ कथित रूप से एक दलाल योगेंद्र चौधरी भी मौजूद था।
जानकारी के मुताबिक सफाईकर्मी की नौकरी का सौदा तीन लाख रुपये में हुआ था। राजस्थान के जोधपुर में सड़कों पर झाडू़ लगाने वाली आशा कंडरा ने 2021 में डिप्टी कलेक्टर बनकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उनके राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा (RAS) 2018 परीक्षा पास करने को खूब सराहा गया। आशा कंडरा ने 1997 में 12वीं पास किया था।