फलोदी पुलिस ने अवैध हथियार फैक्टरी का किया भंडाफोड़ (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : AI Image- Freepik
फलोदी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने के कारखाने का पर्दाफाश किया है। जिला विशेष टीम (डीएसटी) फलोदी और थाना बाप पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच टोपीदार बंदूकें, एक देशी कट्टा, अर्धनिर्मित हथियारों के साथ भारी मात्रा में हथियार बनाने के औजार और कल-पुर्जे बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक अन्य कार्रवाई में एक अवैध बंदूक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
एक अप्रैल से चल रहा है विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक फलोदी सतनाम सिंह ने बताया कि जिले में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डीएसटी फलोदी को सूचना मिली कि बाप थाना क्षेत्र के भड़ला स्थित चूहड़ों की बस्ती में रहने वाला मौलाबक्श पुत्र मलूक खां अपने घर पर अवैध हथियार बनाने का काम करता है।
घर के पीछे कच्चे छप्पर में चल रही थी फैक्टरी
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण और सीओ फलोदी अचलसिंह देवड़ा के सुपरविजन में थाना बाप और डीएसटी की टीम ने मौलाबक्श के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के पीछे बने कच्चे छप्पर में अवैध हथियार बनाने का कारखाना संचालित होता मिला। पुलिस ने मौके से पांच एकनाली टोपीदार बंदूकें, एक देशी कट्टा, कई अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के दर्जनों औजार, नालें और अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पढ़ें- कार-बाइक की भिड़ंत में उड़े परखच्चे: भीषण हादसे में मां और दो बेटों की मौत, बेटी समेत दो गंभीर घायल
दूसरी कार्रवाई में भी अवैध बंदूक जब्त
इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में डीएसटी की सूचना पर शकूर खां निवासी भड़ला को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक टोपीदार बंदूक, पांच छर्रे और पांच टोपी सीसा बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी शकूर खां के खिलाफ पहले भी एससी/एसटी एक्ट और चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।