जोधपुर में 3 साल पहले हुए लवली कंडारा एनकाउंटर की जांच करने सीबीआई की टीम आज जोधपुर पहुंची। सीबीआई सबसे पहले लवली के घर पहुंची और परिजनों से 2 घंटे बातचीत कर मामले में पूछताछ की। उसके बाद पुलिस कमिश्नर राजेन्द्रसिंह से भी सीबीआई की टीम ने मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। इसके अलावा दोपहर को सीबीआई की टीम रातानाडा थाने में पहुंची थी।
बता दें कि लवली कंडारा एनकाउंटर की जांच सीबीआई क्राइम ब्रांच के डीएसपी मोहिंदर सिंह के पास है। इसमें रातानाड़ा थाने के तत्कालीन एसएचओ लीलाराम, कॉन्स्टेबल जितेन्द्र सिंह, किशन सिंह, विश्वास और गनमैन अंकित नामजद हैं। 31 अक्तूबर 2023 को इस मामले की जांच सीबीआई से कराने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा गया था।
9 जनवरी 2025 को सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। जानकारी के लिए बता दें कि 13 अक्तूबर 2021 को पुलिस से हुई मुठभेड़ में लवली के पेट में गोली लगी थी। उसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
सीबीआई टीम के डीएसपी मोहिंदर सिंह बहुचर्चित भंवरी देवी अपहरण व हत्या मामले में सीबीआई जांच टीम में शामिल थे और इस मामले का खुलासा करने में कामयाबी हासिल की थी। ऐसे में उम्मीद है कि लवली कंडारा मामले का खुलासा भी जल्द होगा। इसके साथ ही उम्मीद है कि कल से सर्किट हाउस में एक बार फिर से सीबीआई का कैम्प शुरू होगा।